प्रकाश मेघवाल की संदिग्ध मौत के मामले में दूसरे दिन धरना समाप्त![]()
टेन न्यूज़ ।। 27 अक्टूबर 2026 ।। कालू भाई खजवानिया ब्यूरो
पाली/राजस्थान। सोजत रोड थाना क्षेत्र के मांडा गांव निवासी प्रकाश मेघवाल की संदिग्ध मौत के मामले में राजकीय अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और सर्व समाज की ओर से दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन प्रशासन की समझाइश के बाद समाप्त हो गया।
धरने पर बैठे परिजनों ने तहसीलदार भागीरथ चौधरी को जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं सरकारी मुआवजा देने तथा मृतक की बालिग बेटी भगवती को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की गई।
इस दौरान तहसीलदार भागीरथ चौधरी और सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लौहार ने परिजनों को उनकी उचित मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों और सर्व समाज ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने और परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।