पंतनगर में पोकर खेलते छह गिरफ्तार, 3.88 लाख रुपये नकद बरामद

ओमेक्स रिवेरा के विला में पुलिस की छापेमारी, ताश की गड्डियां और पोकर सेट भी मिला
टेन न्यूज़ !! २७ अक्टूबर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, उधमसिंह नगर/उत्तराखण्ड
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंतनगर क्षेत्र स्थित ओमेक्स रिवेरा के लेमेडा विला नंबर 39 में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को की गई इस कार्रवाई के दौरान विला की दूसरी मंजिल पर छह व्यक्ति ताश और पोकर के जरिए हार-जीत की बाजी लगाते मिले। मौके से 3,88,100 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और TEXAS HOLDEM POKER SET सहित पोकर के सिक्के बरामद किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पंतनगर पुलिस, रुद्रपुर कोतवाली और सिडकुल चौकी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (43), अशोक कुमार (50), अपूर्व कुमार (35), अभिषेक कुमार (42), मनवेन्द्र सिंह (34) और विवेक गुप्ता (46) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
TEN NEWS | रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर