• Wed. Oct 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कानपुर में जर्जर छज्जा गिरने से सात लोग घायल, इलाज के दौरान महिला की मौत

ByTen News One Desk

Oct 28, 2026
2 Views

कानपुर में जर्जर छज्जा गिरने से सात लोग घायल, इलाज के दौरान महिला की मौत


एयरफोर्स से सेवानिवृत्त अशोक कुमार सिंह के अंतिम दर्शन के लिए जुटे थे लोग, तीन माह की बच्ची भी घायल


पति पैरालिसिस से पीड़ित, सब्जी बेचकर चलाते हैं परिवार; दंपती की कोई संतान नहीं


टेन न्यूज ।। 28 अक्टूबर 2026 ।। राजू यादव ब्यूरो

कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के तिवारीपुर बगिया में मंगलवार शाम एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में तीन माह की बच्ची समेत सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय सावित्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, तिवारीपुर बगिया निवासी एयरफोर्स से सेवानिवृत्त अशोक कुमार सिंह का कैंसर के चलते निधन हो गया था। मंगलवार शाम करीब सात बजे सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल से उनका शव घर लाया गया था। उनके अंतिम दर्शन करने और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मोहल्ले के लोग एकत्र हुए थे। इसी दौरान पास के मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर पड़ा। उसकी चपेट में आने से वहां मौजूद लोग घायल हो गए।

हादसे में सुनीता यादव (50), खुशबू यादव (26), सावित्री (52), नितेश यादव (17), निधि यादव (19), आयुषी (11) और तीन माह की बच्ची इशिका घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। सावित्री की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का भी उपचार कराया गया।

पैरालिसिस से पीड़ित पति के सामने टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में जान गंवाने वाली सावित्री के परिवार की स्थिति बेहद कठिन बताई जा रही है। उनके पति पैरालिसिस से पीड़ित हैं और जेके क्षेत्र में ठेला लगाकर सब्जियां बेचते हैं। बताया गया कि विवाह के करीब दस साल बाद भी दंपती की कोई संतान नहीं थी। दोनों पति-पत्नी घर में साथ रहते थे। सावित्री की मौत से उनके पति पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के बीच इस हादसे ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर जाजमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। अचानक छज्जा गिरने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!