ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट का करते थे इस्तेमाल![]()
टेन न्यूज।। 27 अक्टूबर 2026।।मुनीश चंद्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/+। हाईवे किनारे होटल और ढाबों पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले पांच आरोपियों को फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार, डीजल भरने के 10 प्लास्टिक कैन, दो पाइप, दो तमंचे, तीन कारतूस, एक चाकू और तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 27 अक्टूबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निवड़िया जाने वाले रास्ते के मोड़ पर कुछ लोग डीजल चोरी की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी कार लेकर भागने लगे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने पांचों को पकड़ लिया।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर छिपाते थे पहचान
जांच में कार पर लगी यूपी-21-एजेड-2007 नंबर की प्लेट फर्जी पाई गई, जबकि वास्तविक नंबर यूके-04-टी-7399 बताया गया। पुलिस ने ई-चालान एप के साथ इंजन और चेसिस नंबर का मिलान कर वाहन की पहचान की।
बरेली जिले के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमेंद्र उर्फ अंकित, ललित, अनिल उर्फ बाबू, सन्नी और सोनू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने मुकदमा संख्या 367/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसएसआई संजीव कुमार, उपनिरीक्षक हरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।