पीलीभीत में 50 लाख की नशीली दवाएं बरामद, एक गिरफ्तार

43 कार्टन में मिले 5.57 लाख से अधिक कैप्सूल, मोटरसाइकिल और एप्पल मोबाइल भी जब्त; सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
टेन न्यूज़ !! २९ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना |
पीलीभीत। जनपद में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पूरनपुर पुलिस ने 5,57,760 कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद कैप्सूल 43 कार्टन में रखे थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर माधौटांडा रोड स्थित मंडी के पास कार्रवाई की गई। यहां से दानिश पुत्र राशिद खान, निवासी मोहल्ला जामा मस्जिद, थाना माधौटांडा को गिरफ्तार किया गया। उसकी मोटरसाइकिल पर रखे एक कार्टन से कैप्सूल मिले। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर एक गोदाम से 42 अन्य कार्टन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, कैप्सूल की पैकिंग पर डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और एसिटामिनोफेन अंकित है। इनमें शामिल ट्रामाडोल एनडीपीएस अधिनियम के तहत नियंत्रित पदार्थ है।
इस मामले में थाना पूरनपुर में मुकदमा संख्या 446/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22 में अभियोग दर्ज किया गया है।
मेडिकल स्टोर की आड़ में सप्लाई का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने अपने भाई तारिक और अन्य लोगों के मेडिकल स्टोर चलाने तथा उनकी आड़ में नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री और भंडारण किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस को यह भी संदेह है कि दवाओं की सप्लाई के लिए फर्जी बिलों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस अब बरामद कैप्सूल के निर्माण, खरीद के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में वांछित बताए जा रहे तारिक तथा अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।