• Thu. Oct 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में जिला पुस्तकालय के विकास की बनेगी कार्ययोजना : जिलाधिकारी 

ByTen News One Desk

Oct 29, 2026
15 Views

कन्नौज में जिला पुस्तकालय के विकास की बनेगी कार्ययोजना : जिलाधिकारी


डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में हुई पहली बैठक, 84 डिजिटल लाइब्रेरी को जिला पुस्तकालय से जोड़ने पर जोर


टेन न्यूज़ !! २९ अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पुस्तकालय समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजकीय जिला पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, पाठकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्राम स्तर पर संचालित 84 डिजिटल लाइब्रेरी के साथ समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्धारित एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा के साथ की। इस दौरान राजकीय जिला पुस्तकालय में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मी की व्यवस्था और अधिकारियों एवं शिक्षाविदों से पुस्तकें दान स्वरूप प्राप्त करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों को पुस्तकालय में संचालित योजनाओं और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी भी दी गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर संचालित 84 डिजिटल लाइब्रेरी और राजकीय जिला पुस्तकालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पाठकों को पुस्तकालयों का लाभ मिल सके। उन्होंने पुस्तकालयों की उपयोगिता बढ़ाने और आमजन की पहुंच आसान बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में क्रिटिकल गैप मद से स्वीकृत धनराशि के माध्यम से राजकीय जिला पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर भी सहमति बनी। इसके तहत पुस्तकालय परिसर में खाली पड़ी भूमि का समतलीकरण, छात्र-छात्राओं और पाठकों के बैठने के लिए बेंच लगाने, हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा के मद्देनजर बाउंड्रीवॉल को ऊंचा करने का प्रस्ताव रखा गया। परिसर को पार्क के रूप में विकसित करने पर भी विचार किया गया।

जिलाधिकारी ने अन्य समस्याओं के प्रभावी समाधान और जिला पुस्तकालय तथा डिजिटल लाइब्रेरी के बीच समन्वय को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्ययोजना पर तेजी से काम करने और प्रगति की समीक्षा के लिए अगली बैठक जल्द आयोजित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान छिबरामऊ के प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित समिति के अन्य नामित सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!