• Thu. Oct 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, संवेदनशील बूथ होंगे चिह्नित

ByTen News One Desk

Oct 29, 2026
2 Views

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, संवेदनशील बूथ होंगे चिह्नित


शाहजहांपुर में डीएम और एसपी की मौजूदगी में बैठक, कमजोर वर्ग के मतदाताओं की सुरक्षा पर जोर


टेन न्यूज़ !! २९ अक्टूबर २०२६ !! डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में वल्नरेबिलिटी मैपिंग का कार्य प्रारंभ करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित भी मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संबंधित थानाध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों की विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां कमजोर वर्ग के मतदाताओं को मतदान करने से रोकने या मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका हो सकती है।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप बीएम-1 के अनुसार सूचनाएं संकलित करने पर विशेष जोर दिया। इसके तहत पिछले चुनावों के दौरान हुई घटनाओं, अधिक मात्रा में शराब बरामदगी वाले क्षेत्रों और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले अन्य संवेदनशील पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग का कार्य तथ्यों के आधार पर गंभीरता से पूरा किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं तैयार कर समय से उपलब्ध कराएं, ताकि चुनाव के दौरान संभावित समस्याओं की पहचान कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर सुरक्षा और निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!