पारले-जी फैक्ट्री में बोनस की मांग को लेकर श्रमिकों का मुद्दा गरमाया

आसपा नेता सतेंद्र कुमार को फैक्ट्री परिसर में जाने से रोका, श्रम विभाग में वार्ता तय
टेन न्यूज़ !! ३० अक्टूबर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो
रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर। पारले-जी (Parle-G) फैक्ट्री में बोनस की मांग को लेकर श्रमिकों का मुद्दा गरमा गया है। 29 अक्टूबर को श्रमिकों के अनुरोध पर उनके समर्थन में पहुंच रहे आजाद समाज पार्टी (आसपा) के नेता सतेंद्र कुमार को पुलिस-प्रशासन ने फैक्ट्री परिसर में जाने से रोक दिया।
इसके बाद सतेंद्र कुमार ने फैक्ट्री गेट पर पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। पुलिस की मध्यस्थता के बाद फैक्ट्री के मानव संसाधन (एचआर) विभाग के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता आयोजित की गई। बातचीत के दौरान तय हुआ कि 30 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रुद्रपुर स्थित श्रम विभाग कार्यालय में इस मुद्दे पर औपचारिक बैठक होगी।
श्रमिकों के हक के लिए आवाज उठाने की बात
इस मौके पर आसपा नेता सतेंद्र कुमार ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वह प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रम विभाग कार्यालय पहुंचकर बैठक में श्रमिकों का पक्ष मजबूती से रखेंगे। उन्होंने बोनस की मांग को उचित बताते हुए श्रमिकों को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
अब सभी की निगाहें श्रम विभाग कार्यालय में होने वाली बैठक पर टिकी हैं। बैठक में बोनस के मुद्दे पर क्या सहमति बनती है, यह आगे की बातचीत के बाद स्पष्ट होगा।