तिलहर में 53वें उर्स शरीफ की तैयारियां तेज, जायरीन की खिदमत के लिए रज़ाकारों को सौंपी जिम्मेदारी![]()
4 नवंबर को ऑल इंडिया मुशायरा, 5 नवंबर को चादर गश्त व जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी, 6 नवंबर को कुल शरीफ और कव्वाली का आयोजन
टेन न्यूज।। 30 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। तिलहर नगर के प्रसिद्ध बुजुर्ग हजरत हाजी हाफिज मोहम्मद हातिम अली शाह मियां के 53वें उर्स शरीफ को कामयाब बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां के आवास पर रज़ाकारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्स शरीफ की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए रज़ाकारों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने बताया कि उर्स शरीफ के अवसर पर तीन दिनों तक धार्मिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें देश के विभिन्न शहरों से आने वाले मशहूर शायर, उलमा और कव्वाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की रात ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन होगा। इसमें भोपाल के चांद खान चांद, नफीस सीतापुरी, मध्य प्रदेश के नई माहिर, कन्नौज के मुफीद, झांसी के नसीम मुंहफट, जीशान नोमानी, दिल्ली के अरुण शर्मा, डॉ. बृजभूषण और निर्दोष कुमार बिन सहित अन्य मशहूर शायरों को आमंत्रित किया गया है।
5 नवंबर को सुबह 10 बजे चादर गश्त होगी। इसके बाद रात 8 बजे से जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी आयोजित किया जाएगा। जलसे में बीसलपुर के कारी फुरकान रज़ा नूरी, बरेली के शायर मोहम्मद रज़ा बरकाती, रेहान रज़ा मरकजी, ताज रज़ा, मौलाना इरशाद हुसैन और मोहम्मद रज़ा फैजी सहित अन्य लोग शिरकत करेंगे। जलसे के बाद कव्वाली का कार्यक्रम होगा।
6 नवंबर को सुबह 10:30 बजे कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी। इसके बाद कव्वाली का आयोजन होगा। वहीं, रात 8 बजे से भी कव्वाली का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें वसीम वारसी, शमीम वारसी और मुरादाबाद के वसीम चिश्ती सहित अन्य कव्वाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
बैठक में ओवैस खान शिफा, वाजिद हुसैन वाजिद, इब्ने हसन, इफ्तिखार हुसैन साबरी, वकार हुसैन, मोहम्मद अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने उर्स शरीफ को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।