नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज ।। 31 अक्टूबर 2026 ।। रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में करीब एक साल से वांछित चल रहे आरोपी को अजीतमल कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 30 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को अटसू चौराहे के पास से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपी की तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के सांफर गांव निवासी नीरज कुमार उर्फ जोगिंदर (22) पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, टेन न्यूज़, औरैया।