• Mon. Nov 2nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कैंची धाम बाईपास को मिली मंजूरी, 21.81 करोड़ से बनेगी 10.5 किमी सड़क

ByTen News One Desk

Nov 2, 2026
5 Views

कैंची धाम बाईपास को मिली मंजूरी, 21.81 करोड़ से बनेगी 10.5 किमी सड़क


टेन न्यूज़ !! ०२ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो, उधमसिंह नगर/उत्तराखंड

नैनीताल। कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से वन भूमि की अनुमति के कारण अटकी भवाली सेनेटोरियम-कैंची धाम बाईपास परियोजना को केंद्रीय स्वीकृति मिलने के बाद शासन की व्यय वित्त समिति ने 21.81 करोड़ रुपये के बजट प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे करीब 10.5 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

शासनादेश जारी होने का इंतजार

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि परियोजना के लिए बजट प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। फिलहाल शासनादेश जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। शासनादेश प्राप्त होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ सकेगा। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

भवाली और कैंची धाम में घटेगा वाहनों का दबाव

वर्तमान में भवाली और कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। विशेषकर पर्यटन सीजन और धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बाईपास बनने के बाद ज्योलीकोट की ओर से आने वाले वाहन भवाली सेनेटोरियम होते हुए प्रस्तावित मार्ग से सीधे अल्मोड़ा रोड तक पहुंच सकेंगे। इससे भवाली और कैंची धाम के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।

इस परियोजना से स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर सुगम बनाने में भी मदद मिलेगी। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने के लिए शासनादेश और टेंडर प्रक्रिया पूरी होना अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!