श्रीनगर में नौ साल बाद लौटी सिटी बस सेवा, सीएम धामी ने दी 9.13 करोड़ की सौगात

टेन न्यूज़ !! ०१ नवम्बर २०२६ !!
श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्रीनगर में 9.13 करोड़ रुपये की नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नौ साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा रही। मुख्यमंत्री ने ‘श्रीनगर दर्शन’ बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक संचालित होगी। इससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा, लक्ष्मीनारायण पार्क के सौंदर्यीकरण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ पहल के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को 2,01,530 रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं, स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाली 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट वितरित की गईं।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज गेट के पास विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।