सीएम धामी के नेतृत्व में 3 नवंबर को रुद्रपुर में निकलेगी ‘अराजकता हटाओ, संविधान बचाओ’ रैली

टेन न्यूज़ !! 31 दिसम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो
रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आगामी 3 नवंबर को रुद्रपुर में ‘अराजकता हटाओ, संविधान बचाओ’ रैली आयोजित की जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की सफलता, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। साथ ही कार्यक्रम के बेहतर संचालन, आपसी समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
गांधी पार्क से शुरू होकर वापस गांधी पार्क पहुंचेगी रैली
बैठक में निर्धारित रैली मार्ग की जानकारी देते हुए बताया गया कि यात्रा गांधी पार्क से शुरू होगी। इसके बाद बाटा चौक, मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक, अग्रवाल धर्मशाला, काशीपुर बायपास रोड और अग्रसेन चौक होते हुए पुनः गांधी पार्क पहुंचेगी, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल, सुरेश कोहली, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, मीडिया संयोजक विजय तोमर और कार्यालय मंत्री मोर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सुरेंद्र चौधरी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विट्टू चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, सत्यप्रकाश चौहान, अमन विर्क, सुनील सिंह, रचित सिंह और अभिषेक तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में सहभागिता की।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रियता के साथ काम करने पर विशेष जोर दिया गया।