कन्नौज में जमीन पर कब्जे का आरोप, राज्यमंत्री असीम अरुण से लगाई न्याय की गुहार

टेन न्यूज़ !! ०२ नवम्बर २०२६ प्रभाष चन्द्र व्यूरो कन्नौज
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। जमीन पर कथित अवैध कब्जे और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित कमल पुत्र छुन्ना ने प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं कन्नौज सदर विधायक असीम अरुण को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित कमल का आरोप है कि गांव के कुछ लोग उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर उसे धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित के मुताबिक, वह इस मामले में पहले भी तहसील दिवस पर अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि खेत की जमीन को लेकर विवाद किया जा रहा है और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। उसका कहना है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद उसे अब तक न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है।
अब पीड़ित ने राज्यमंत्री असीम अरुण से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन को कथित कब्जे से मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि शिकायत पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।
खास रिपोर्ट में सुनिए, पीड़ित कमल ने क्या कुछ कहा।