राजेश कोली हत्याकांड: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली का घेराव

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में प्रदर्शन, परिजनों ने मांगा न्याय
टेन न्यूज़ !! ०३ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता व्यूरो उधमसिंहनगर उतराखंड
रुद्रपुर। राजेश कोली हत्याकांड को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है। सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में मृतक के परिजनों और मोहल्लेवासियों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा वारदात में इस्तेमाल हथियारों और वाहन की बरामदगी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मृतक की पत्नी नेहा, मां सुनीता और परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि परिवार ने अपना बेटा खोया है। ऐसे में मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
गौरतलब है कि गुरुवार रात रुद्रपुर रोडवेज बस स्टेशन के पास मारपीट और पथराव की घटना में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियारों व वाहन की बरामदगी को लेकर परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।