• Tue. Nov 3rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

खटीमा में 14.97 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास, सीएम धामी ने किया भूमि पूजन

ByTen News One Desk

Nov 3, 2026
2 Views

खटीमा में 14.97 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास, सीएम धामी ने किया भूमि पूजन


टेन न्यूज़ !! ०३ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, उधमसिंह नगर/उत्तराखंड

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट, सितारगंज रोड पर आयोजित कार्यक्रम में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खटीमा के साथ उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि और चुनाव क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि मां-बेटे के पवित्र रिश्ते जैसा अटूट है। जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बंडिया, चकरपुर, टनकपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़, धारचूला और चम्पावत के साथ नेपाल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने खटीमा में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि डिग्री कॉलेज में नए कक्षों एवं भवनों का निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण तथा विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण कराया गया है। खेतलसंडा पुल, बस अड्डे और किसानों से जुड़ी परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण कार्य भी विकास योजनाओं में शामिल हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और भारमल बाबा मंदिर सहित धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री मोहनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, वीसी जय किशन, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट: अंश कुमार गुप्ता, उधमसिंह नगर, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!