दीपावली पर घटतौली रोकने के लिए वांट-माप विभाग की छापेमारी

मिठाई की तीन दुकानों पर कम तौल मिली, गैस एजेंसी और सराफा प्रतिष्ठानों में भी जांच; संचालकों को नोटिस जारी
टेन न्यूज़ !! ०५ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। दीपावली के त्योहार पर घटतौली की शिकायतों को देखते हुए विधिक माप विज्ञान (वांट-माप) विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों, सराफा प्रतिष्ठानों और गैस एजेंसियों पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने विधिक कार्रवाई करते हुए संचालकों को नोटिस जारी किए हैं।
सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान, कानपुर संभाग के आदेश पर वरिष्ठ निरीक्षक जीपी यादव और सहायक निरीक्षक संजय कुमार की टीम ने बिधूना की लोहा मंडी, सहार, बेला, अछल्दा, याकूबपुर और सदर औरैया में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की।![]()
जांच के दौरान सदर औरैया स्थित रमाकांत स्वीट हाउस, सुभाष चौक और राधे-राधे स्वीट हाउस में तौल की मात्रा सही पाई गई। वहीं, यमुना रोड जालौन चौराहे के श्री कान्हा जी स्वीट हाउस, श्री बांके बिहारी स्वीट हाउस तथा आशा देवी मंदिर जालौन चौराहे के बंगाली स्वीट हाउस में मिठाई की घटतौली मिलने की बात सामने आई।
याकूबपुर स्थित इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी में इस्तेमाल किए जा रहे तौल उपकरण का पुनः सत्यापन और मुद्रांकन नहीं कराया गया था। इस पर विभाग ने विधिक कार्रवाई की। जांच के दौरान एक अन्य गैस एजेंसी बंद मिली।![]()
सराफा प्रतिष्ठानों की जांच में नुमाइश ग्राउंड के पास तिलक नगर स्थित आराध्या ज्वेलर्स की तौल मशीन सत्यापित पाई गई, जबकि श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स एंड ब्रेकर्स की मशीन असत्यापित मिली। वहीं, तिलक नगर स्थित ओम जी ज्वेलर्स और खानपुर चौराहे के एमजी ज्वेलर्स के इलेक्ट्रॉनिक कांटों का सत्यापन सही पाया गया।
विभागीय टीम ने जांच में मिली कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान ग्राहकों को सही तौल में सामान उपलब्ध कराना और घटतौली पर रोक लगाना है