• Fri. Nov 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में 120 उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

ByTen News One Desk

Nov 6, 2026
8 Views

तिलहर में 120 उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी


राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना के तहत जागरूकता एवं विक्रेता विकास कार्यक्रम आयोजित


टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना , तिलहर शाहजहांपुर

तिलहर, शाहजहांपुर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार की राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना के अंतर्गत 5 नवंबर 2026 को वेलकम मैरिज लॉन में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोशिश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट फाउंडेशन के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 120 भावी उद्यमियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, विशेष रूप से राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना के प्रति उद्यमियों को जागरूक करना तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के स्वामित्व वाले सूक्ष्म और लघु उद्योगों को सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान केंद्रीय मंत्रालयों और सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा एससी-एसटी स्वामित्व वाले उद्यमों से न्यूनतम चार प्रतिशत खरीद के प्रावधान की जानकारी भी दी गई।

उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब आगरा के प्रभारी ए.के. श्रीवास्तव ने सरकारी खरीद नीति, उद्यम पंजीकरण और सरकारी योजनाओं के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों से उद्योगों का उद्यम पोर्टल और जेम पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

तकनीकी सत्र में एचपीसीएल नई दिल्ली के मुख्य प्रबंधक प्रशांत शर्मा ने विशेष विक्रेता योजना, जेम पोर्टल और ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। नाबार्ड के डीडीएम एवं शाहजहांपुर के एलडीएम प्रवेश कुमार गंगवार ने वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं और ग्रामीण ऋण व्यवस्था की जानकारी दी।

ई-टेंडरिंग विशेषज्ञ राहुल बिंदुसार ने उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रणाली से जुड़ने और जेम पोर्टल के माध्यम से व्यवसाय विस्तार के अवसरों के बारे में समझाया। वहीं, एमएसएमई कानपुर के उप निदेशक अमित कुमार बापजेई ने मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के संरक्षक नेत्रपाल सिंह, अध्यक्ष करतार सिंह जगरवाल, ए.के. श्रीवास्तव, राहुल बिंदुसार, राकेश सागर, संदीप कनोजिया, अशोक कन्नौजिया, अमित चौधरी, अनिल चौधरी, सतीश, अनूप कुमार, राम प्रसाद वाल्मीकि, राजेंद्र प्रसाद वाल्मीकि, विकास वाल्मीकि, सुशील कुमार और रेखा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन नेत्रपाल सिंह ने किया। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था द गंगा इवेंट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा की गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!