• Fri. Nov 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में लेखपाल और साथियों पर जानलेवा हमला, दो मोबाइल व सोने की चेन लूटने का आरोप

ByTen News One Desk

Nov 6, 2026
5 Views

तिलहर में लेखपाल और साथियों पर जानलेवा हमला, दो मोबाइल व सोने की चेन लूटने का आरोप


बाइक से टक्कर मारकर गिराया, फिर ईंट, लाठी-डंडे और धारदार हथियार से किया हमला; दो युवकों के सिर फटे


टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना , तिलहर शाहजहांपुर

तिलहर, शाहजहांपुर। नगर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रात के अंधेरे में तहसील में तैनात एक लेखपाल और उनके साथियों पर दो बार हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले बाइक से टक्कर मारकर उन्हें गिराया गया और फिर ईंट से हमला कर दो मोबाइल फोन लूट लिए गए। इसके बाद दूसरी बार घेरकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से मारपीट की गई। हमले में दो युवकों के सिर फट गए, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए। आरोपियों पर सोने की चेन लूटने का भी आरोप है।

जानकारी के अनुसार, लेखपाल रवि कुमार पुत्र बिजेंद्र कुमार मूल रूप से जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। वर्तमान में वह तहसील तिलहर में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं और गुरगवां कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में पूरी घटना का विवरण दिया है।

तहरीर के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे रवि कुमार अपने साथी शुभम कन्नौजिया और सुरेन्द्र कुमार के साथ मोहल्ला हिंदू पट्टी में अपने मित्र नितिन कुमार के घर से बाइक द्वारा वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आर्य समाज मंदिर के पास स्प्लेंडर बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा करते हुए बाइक में साइड मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और धमकाते हुए दो मोबाइल फोन छीन लिए। पीड़ित पक्ष ने तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी और थाने में भी मौखिक जानकारी दी।

थाने से लौटते समय फिर घेरकर किया हमला

पीड़ित के अनुसार, थाने से लौटते समय मैन मार्केट मुख्य चौराहे के पास वही दोनों हमलावर सामने दिखाई दिए। पहचान होने पर वे भागने लगे। पीछा करने पर आरोपी मोहल्ला नई बस्ती में घुस गए, जहां पहले से मौजूद चार-पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर उन्होंने लेखपाल रवि कुमार, सुरेन्द्र कुमार, शुभम कन्नौजिया, तरुण प्रताप सिंह और नितिन कुमार को घेर लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, ईंट और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

दो युवकों के सिर फटे, सोने की चेन भी लूटी

हमले में तरुण प्रताप सिंह और नितिन कुमार के सिर फट गए तथा उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अन्य साथियों को भी चोटें लगने की बात कही गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान तरुण प्रताप सिंह की सोने की चेन भी लूट ली गई।

लेखपाल रवि कुमार ने आशंका जताई है कि लूटे गए मोबाइल फोन में शासकीय डाटा सुरक्षित है, जिसके दुरुपयोग की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और लूटे गए मोबाइल व सोने की चेन बरामद कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!