एएसपी ग्रामीण ने तिलहर में किया पैदल गश्त

त्योहारों को लेकर बाजारों और संवेदनशील इलाकों में परखी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना , तिलहर शाहजहांपुर
तिलहर, शाहजहांपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ थाना तिलहर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान एएसपी ग्रामीण ने प्रमुख बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आसपास भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार प्रभावी गश्त करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा अराजक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
एएसपी ग्रामीण ने आगामी त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और बाजारों में व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने को कहा। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रहे।