• Fri. Nov 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रूस में नौकरी का झांसा देकर एक लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Nov 6, 2026
5 Views

रूस में नौकरी का झांसा देकर एक लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


फर्जी इनविटेशन लेटर भेजकर युवक को बनाया निशाना, रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप


टेन न्यूज़ !! ०६ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना , तिलहर शाहजहांपुर

तिलहर, शाहजहांपुर। विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी तनख्वाह दिलाने का झांसा देकर युवक से एक लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर फर्जी इनविटेशन लेटर भेजकर पीड़ित को गुमराह करने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

तिलहर नगर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी मोहम्मद मोबीन के अनुसार, कुछ समय पहले उसका संपर्क कटरा थाना क्षेत्र के इस्लामनगर निवासी तालिब हुसैन से हुआ था। तालिब ने रूस की विभिन्न कंपनियों और वीजा एजेंसियों में अपनी अच्छी पकड़ होने का दावा करते हुए वर्क परमिट वीजा दिलाने और अच्छी तनख्वाह पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।

आरोप है कि उसकी बातों में आकर मोबीन ने उसे एक लाख रुपये दे दिए। विश्वास जीतने के लिए तालिब ने व्हाट्सएप पर रूस में नौकरी से संबंधित इनविटेशन लेटर भी भेजा, जो बाद में फर्जी निकला। काफी समय बीतने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही वर्क परमिट वीजा की व्यवस्था हुई।

पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी कथित तौर पर बहाने बनाकर टालता रहा। बाद में उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। ठगी का एहसास होने पर मोबीन ने दोबारा रकम लौटाने का दबाव बनाया तो आरोपी पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी अन्य लोगों को भी विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बना चुका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तालिब हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!