घर-घर हो भगवान धन्वंतरि की आराधना, स्वस्थ जीवन की कामना

धन्वंतरि जयंती पर पूजन एवं विचार गोष्ठी आयोजित, चिकित्सकों ने लिया मानव सेवा का संकल्प
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहाँपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में भगवान धन्वंतरि जयंती पर पूजन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ चिकित्सकों ने आरोग्य देवता भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की। धन्वंतरि चालीसा पाठ एवं आरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विचार गोष्ठी में चिकित्सकों ने कहा कि भगवान धन्वंतरि की आराधना केवल जयंती तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि स्वस्थ एवं निरोग जीवन की मंगलकामना के लिए घर-घर उनकी पूजा-अर्चना होनी चाहिए। प्रत्येक परिवार के पूजा स्थल पर भगवान धन्वंतरि का चित्र अथवा प्रतिमा स्थापित कर नियमित पूजन की परंपरा विकसित करने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हेमेंद्र वर्मा ने कहा कि जिस प्रकार लोग सुख-समृद्धि के लिए देवी-देवताओं का पूजन करते हैं, उसी प्रकार परिवार के अच्छे स्वास्थ्य और निरोग जीवन के लिए आरोग्य देवता भगवान धन्वंतरि का स्मरण एवं पूजन भी करें। उन्होंने कहा कि भगवान धन्वंतरि की आराधना घर-घर पहुंचे, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।
अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा शाहजहाँपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि चिकित्सा का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि रोगों से बचाव और पीड़ित मानवता की सेवा करना भी है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने भगवान धन्वंतरि से संपूर्ण विश्व के स्वस्थ एवं निरोग रहने की मंगलकामना की तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के मानवीय सिद्धांतों के अनुरूप जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प लिया।![]()
कार्यक्रम में डॉ. हेमंत वर्मा, डॉ. विजय जौहरी, डॉ. आर.पी. सक्सेना, डॉ. रोहित कुमार वर्मा, डॉ. अभिनय सक्सेना, डॉ. अतुल जौहरी, डॉ. हितेश गुप्ता, डॉ. रवि सक्सेना, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ. सुधांशु कन्नौजिया, डॉ. राजीव वर्मा, बृजेश गुप्ता, अवनीश सक्सेना और रवि वर्मा सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।
गोष्ठी का संदेश रहा कि भगवान धन्वंतरि की आराधना घर-घर पहुंचे और प्रत्येक परिवार स्वस्थ, सुखी एवं निरोग जीवन की कामना के साथ आरोग्य देवता का नियमित स्मरण करे।
डॉ. विजय जौहरी
अध्यक्ष, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन
एवं सचिव, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा शाहजहाँपुर