पुलिस मुठभेड़ में नकबजनी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस और चोरी की बताई गई धातु की वस्तुएं बरामद; 25 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहाँपुर, 7 नवंबर। थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस ने नकबजनी के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और धातु की वस्तुएं बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को नुसरतपुर उर्फ बाड़ीगांव निवासी रियासत पुत्र हिकमउल्ला ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की दीवार तोड़कर 10 ग्राम की झुमकी और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर थाना रामचन्द्र मिशन में मुकदमा संख्या 122/2026 धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक रामचन्द्र मिशन पुलिस टीम के साथ हरदोई चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित राजेश उर्फ कमती पुत्र मिश्रीलाल, निवासी बढ़खर, थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी, नेशनल हाईवे पर सराय काइयां जाने वाले रास्ते के पास खड़ा है।![]()
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे 6 नवंबर की रात 11 बजकर 54 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की फायरिंग में आरक्षी लवकुश भी घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच सफेद धातु की वस्तुएं, एक पीली धातु की वस्तु, एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी थाना रामचन्द्र मिशन में दर्ज एक अन्य मुकदमे संख्या 132/2026 में भी वांछित था। उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में 25 से अधिक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।