सघन खेत बचाओ अभियान में 515 किसानों को किया जागरूक

प्राकृतिक और गौ-आधारित खेती अपनाने पर जोर, मिट्टी की सेहत बचाने के बताए तरीके
टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी
कन्नौज। किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जनपद में ‘सघन खेत बचाओ अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड कन्नौज के ग्राम बंसरामऊ और विकासखंड जलालाबाद के ग्राम मायानगर (तेरा रागी) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित लगभग 515 किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करने के साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए।![]()
उन्होंने हरी खाद, जैविक खाद और प्राकृतिक एवं गौ-आधारित खेती को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, यूरिया और डीएपी के वैकल्पिक उर्वरकों तथा नैनो उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दलहन और तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाने तथा सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी बनवाने के लिए भी किसानों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, अनौगी, कन्नौज के वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार और अन्य विशेषज्ञों ने अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, मृदा की उर्वरता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उपाय बताए। साथ ही किसानों की कृषि संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से अपील की गई कि वे वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाएं, उर्वरकों का संतुलित उपयोग करें और प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने में योगदान दें।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।