• Thu. Nov 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जनगणना-2027 के लिए कन्नौज में जागरूकता अभियान तेज

ByTen News One Desk

Nov 12, 2026
8 Views

जनगणना-2027 के लिए कन्नौज में जागरूकता अभियान तेज


दो लाख प्रश्नावलियां तैयार, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का मौका


 टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !!प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , लोकेशन: तिर्वा, कन्नौज यूपी ।

इस वक्त की बड़ी खबर कन्नौज से है, जहां जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार और स्व-गणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन में जनपद में दो लाख प्रश्नावलियों की प्रतियां तैयार कराई गई हैं, जिन्हें प्रगणकों के माध्यम से परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।

इन प्रश्नावलियों के जरिए परिवार अपनी आवश्यक जानकारी पहले से दर्ज करके तैयार रख सकेंगे। इससे ऑनलाइन स्व-गणना और प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली गणना का कार्य अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगा।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रचार-प्रसार के लिए पहला जागरूकता कार्यक्रम राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में आयोजित हुआ। इसमें ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा जनगणना जिला प्रभारी अंशु साहू मौजूद रहीं।

जनपद के मास्टर ट्रेनर सस्मित द्विवेदी और मृदुल मिश्रा ने स्व-गणना की प्रक्रिया, समय-सारिणी और जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के बारे में विस्तार से बताया।

वहीं, कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला पर्यटन अधिकारी की अध्यक्षता में दूसरा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें होटल, गेस्ट हाउस और मैरिज हॉल संचालकों को जनगणना की प्रक्रिया समझाई गई। उनसे अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों और कर्मचारियों को भी स्व-गणना के लिए जागरूक करें।

कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना की जा सकेगी। नागरिकों को परिवार की सही जानकारी भरने, निवास स्थान की जियो-टैगिंग करने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के दौरान एकत्रित व्यक्तिगत जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत गोपनीय रखी जाती हैं।

कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और प्रतिष्ठान संचालकों से जनगणना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

हमारी जनगणना, हमारा विकास।

कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!