स्लीपर बस में घुसा अनियंत्रित ई-रिक्शा, दो महिलाएं घायल

टायर फटने से सड़क किनारे खड़ी थी बस, टक्कर में ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त
टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के कानपुर मार्ग पर याकूबपुर के पास टायर फटने के कारण सड़क किनारे खड़ी स्लीपर बस में एक अनियंत्रित ई-रिक्शा जा घुसा। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस का टायर फटने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। इसी दौरान बेला की ओर से आ रहा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। हादसे में रेखा देवी पत्नी रामजीवन निवासी मवई बिलवारी, थाना इंदरगढ़ और अवधेश कुमारी पत्नी फूल सिंह निवासी उम्मापुरवा, थाना तिर्वा घायल हो गईं।
बताया गया कि रेखा देवी थाना रसूलाबाद क्षेत्र के मौजमपुर जा रही थीं, जबकि अवधेश कुमारी याकूबपुर के पास स्थित भोलापुर जा रही थीं।
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी अनिलेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरक्षी विशाल तंवर और अंकुश चौधरी सहित पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला पहुंचाया।
थाना प्रभारी अनिलेश कुमार ने बताया कि दोनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार कराया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, टेन न्यूज़।