मिहौली ब्रिज के पास ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में मारी टक्कर, एक की मौत
हादसे में दूसरा युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार; अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मिहौली ब्रिज के पास गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इटावा की ओर से औरैया जा रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के माखनपुर निवासी मोतीलाल (48) पुत्र रामनाथ और मनीष (30) पुत्र बालेश्वर दयाल ट्रैक्टर पर सवार होकर इटावा से औरैया की ओर जा रहे थे। सुबह करीब पौने चार बजे मिहौली ब्रिज के पास पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मोतीलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।