पंकज चौधरी का दो दिवसीय कन्नौज दौरा, कार्यकर्ताओं में उत्साह

14 नवंबर को प्रेमपुर कट पर होगा स्वागत, 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस पर घुमंतू सम्मेलन को करेंगे संबोधित
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के दो दिवसीय कन्नौज प्रवास को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष 14 नवंबर को जनपद पहुंचेंगे। इस दौरान वह संगठनात्मक बैठक के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष के अनुसार, 14 नवंबर को शाम पांच बजे छिबरामऊ क्षेत्र के प्रेमपुर कट, जीटी रोड पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह छिबरामऊ नगर में दिवंगत अधिवक्ता के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। शाम छह बजे भाजपा जिला कार्यालय कन्नौज में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे।
प्रवास के दूसरे दिन 15 नवंबर को सुबह 10 बजे बोर्डिंग ग्राउंड, कन्नौज में जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित घुमंतू सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वह सम्मेलन को संबोधित करेंगे।![]()
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, छिबरामऊ विधायक अर्चना पाण्डेय सहित जनपद के जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से दोनों दिवसों के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दौरा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। वहीं जनजाति गौरव दिवस पर आयोजित घुमंतू सम्मेलन समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मान, अधिकार और उत्थान से जुड़े विषयों पर संवाद का अवसर बनेगा।
कन्नौज से प्रभास चंद्र की खास रिपोर्ट।