• Sun. Nov 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर के मुशायरे में शायरों ने बांधा समां, देर रात तक गूंजती रही वाह-वाह

ByTen News One Desk

Nov 15, 2026
13 Views

तिलहर के मुशायरे में शायरों ने बांधा समां, देर रात तक गूंजती रही वाह-वाह


गुलशन-ए-मुख्तार के बैनर तले सजी शायरी की महफिल, देश और समाज के हालात से लेकर मोहब्बत तक पर पेश हुए कलाम


टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर, शाहजहांपुर। नगर के मोहल्ला नजरपुर में गुलशन-ए-मुख्तार के बैनर तले अजीमुश्शान मुशायरे का आयोजन किया गया। इसमें शाहजहांपुर सहित बरेली, बदायूं और अन्य जनपदों से आए शायरों ने अपने उम्दा कलाम पेश कर श्रोताओं की खूब दाद बटोरी। देर रात तक चली इस साहित्यिक महफिल में शेरो-शायरी और तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

मुशायरे की अध्यक्षता शाहजहांपुर से आए उस्ताद शायर हसीब चमन ने की। कार्यक्रम के कन्वीनर सलीम खान उर्फ बब्बू रहे, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी डॉ. ओवैस खान शिफा ने निभाई। मुशायरे का संचालन इब्ने हसन तिलहरी ने अपने दिलकश अंदाज में किया।

बरेली से आए निर्दोष कुमार ‘विन’ ने मोहब्बत का पैगाम देते हुए कहा—

प्रेम के बीज को दिल में बो जाइए।
कुछ समय के लिए मेरे हो जाइए।।

डॉ. बृज भूषण बरेलवी ने सामाजिक परिस्थितियों पर तंज करते हुए कहा—

मां बाप परेशान हैं औलाद से अपनी,
वो भी हैं परेशान जिन्हें औलाद नहीं है।

रिजवान फरीदी बरेलवी ने अपने तीखे अंदाज में कहा—

सिला मिलता है तलवे चाटने का,
जो पौवे थे वो बोतल हो गए हैं।

जीशान नोमानी बदायूं ने रिश्तों की हकीकत को इन शब्दों में बयां किया—

जिन्हें मैं जान कहता था वो दुश्मन जान के निकले,
जो दुश्मन जान के निकले मिरी पहचान के निकले।

डॉ. ओवैस खान शिफा ने युवाओं के सपनों को शेर में पिरोया—

बहुत हसीन हैं दिन दोस्तों जवानी के,
बनेंगे हम भी कलेक्टर किसी कहानी के।

असगर यासिर ने कहा—

पराए तो पराए हैं मगर कुछ खास अपनों से,
मिरी परवाज़ मेरा हौसला देखा नहीं जाता।

गुलिस्तां खान एडवोकेट ने अपने अंदाज में कहा—

यह जानते नहीं, अच्छा, बुरा, सवाब, गुनाह,
जो तूने कह दिया तेरे गुलाम करने लगे।

जहरा हीर ने अपने शेर से महफिल में दाद हासिल की—

कहो क्या ‘हीर’ दीवानी हुई है,
कि दीवाना जमाना हो गया है।

वाजिद हुसैन वाजिद ने कहा—

कम नजर हैं वह जिन्हें तू नजर आता हो!
जर्रे-जर्रे में यहां तेरी जिया शामिल है!

अकरम तिलहरी ने जिंदगी की मशक्कत पर शेर पेश किया—

जिस हाथ से अकरम मुझे करनी थी मशक्कत,
वो हाथ नजूमी को दिखाने में लगा हूं।

फैसल फैज ने जिंदगी के मकसद को बयां करते हुए कहा—

आबे हयात पी लो पीने में कुछ नहीं है,
मकसद बगैर लेकिन जीने में कुछ नहीं है।

अर्शीयान अर्श ने बदलते पारिवारिक रिश्तों पर कहा—

अब तो हमारी भाई से नजरें नहीं मिलती!
बांटे न गर जमीं तो लड़ाई का वक्त है!

उस्ताद शायर हसीब चमन ने इंसानियत और सोशल मीडिया की प्रवृत्ति पर तंज करते हुए कहा—

है कहां हमदर्दियों से वास्ता इंसान का!
कोई मरता है मरे पर वीडियो अच्छा बने!

अजय अवस्थी अनुरागी ने बुजुर्गों के सम्मान और पुरानी तहजीब को याद करते हुए कहा—

गली चलते बुजुर्गों से वो दिनभर बंदगी करना,
दुआ में उठते हाथों को चलो फिर ढूंढ लाते हैं।

मुशायरे के संचालक इब्ने हसन तिलहरी ने भी अपने कलाम से श्रोताओं को प्रभावित किया। उन्होंने कहा—

इज्जत अगर है चाहिए तो गौर से सुनो,
इज्जत तभी मिलेगी जब इज्जत करेंगे हम।

कार्यक्रम में साजिद अली खान, पूर्व डायरेक्टर ऑफ चीनी मिल, विशेष रूप से मौजूद रहे। अभिनेता अनवर नफीस, अभिनेता लाल बाबू और यावर खान ने भी शिरकत की। श्रोताओं ने शायरों के कलाम पर तालियों और वाह-वाह के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के समापन पर कन्वीनर सलीम खान उर्फ बब्बू और आयोजक डॉ. ओवैस खान शिफा ने सभी शायरों, अतिथियों, सहयोगियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!