जनजाति गौरव दिवस पर कन्नौज में घुमंतू समाज का भव्य सम्मेलन

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने हजारों लोगों को किया संबोधित, समाज के उत्थान और विकास पर दिया जोर
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर कन्नौज में घुमंतू समाज सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने हजारों की संख्या में मौजूद घुमंतू समाज के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।![]()
अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने घुमंतू समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने घुमंतू समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही समाज के लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत, जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, विधायक अर्चना पांडेय सहित सतीश बंजारा, अब्दुल गनी बंजारा, दिनेश नायक, रावेंद्र जोगी, सुभाष नायक, महेंद्र गिहार और शिवेंद्र कुमार मौजूद रहे।![]()
इसके अलावा जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता अभिषेक पाण्डेय सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में घुमंतू समाज के लोग शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में उमड़ी भीड़ समाज की जागरूकता और एकजुटता का परिचायक रही।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।