खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण में ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

झारहरहरीपुर में दो दिवसीय शिविर का आयोजन, प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को दिए गए प्रमाण पत्र
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र की ओर से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विकासखंड मदनापुर के ग्राम झारहरहरीपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 14 और 15 नवंबर को आयोजित प्रशिक्षण का शुभारंभ ग्राम प्रशासक श्रीमती फूलमती ने किया।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित विभिन्न जानकारियां देकर स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन प्रभारी अधिकारी खाद्य प्रसंस्करण असीम कुमार वर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रशिक्षण साहित्य भी वितरित किया गया।
प्रशिक्षण में व्याख्यानदाता के रूप में पूर्व प्रभारी वीरेंद्र पाली, अभिप्रिय, डॉ. मेरी ज्वेल, अखिलेश कुमार और जिला संसाधन व्यक्ति (डीआरपी) राजवीर सिंह सहित अन्य विशेषज्ञों ने खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विषयों की जानकारी दी।
प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) और उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। इसमें खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए संयंत्र, मशीनरी और तकनीकी सिविल कार्य पर किए गए व्यय का 35 प्रतिशत पूंजीगत अनुदान, अधिकतम पांच करोड़ रुपये तक की सहायता की जानकारी दी गई। खाद्य इकाइयों के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए अधिकतम एक करोड़ रुपये की सहायता के प्रावधान के बारे में भी बताया गया।
इसके अलावा असंगठित खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के उन्नयन के लिए परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक क्रेडिट लिंक्ड अनुदान सहायता की जानकारी दी गई। कृषि प्रसंस्करण क्लस्टर से जुड़े प्रावधानों पर भी चर्चा हुई।
प्रशिक्षण में मिनी फ्लोर मिल, मिनी राइस मिल, मिनी ऑयल एक्सपेलर, दलिया निर्माण, मसाला उद्योग और दूध आधारित उत्पादों जैसे स्वरोजगार के विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में गुड्डी देवी, नीशू देवी, कंचन, सुनीता, निर्मला, सीता मिश्रा, शिव देवी, कमला, संगीता, राधा, अर्पित मिश्रा, वर्षा, विवेक सिंह, शकुंतला और मुन्नी देवी सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे। समापन पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।