शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोपी गिरफ्तार

अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी और मारपीट के आरोप में दर्ज था मुकदमा, सदर बाजार पुलिस ने घर के सामने से पकड़ा
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, । थाना सदर बाजार पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने और अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी देने के आरोप में दर्ज मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने थाना सदर बाजार में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर समीर उर्फ समीर आनंद पुत्र मुकेश के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 558/26 धारा 69, 115(2), 110, 352 और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसके सिर पर शीशे से वार किया, मारपीट और गाली-गलौज की तथा अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर सदर बाजार पुलिस टीम ने आरोपी समीर उर्फ समीर आनंद (21) निवासी बाईबाग हरिजन कॉलोनी, मोहल्ला खड्डन, मच्छी बाजार के निकट, थाना सदर बाजार को उसके घर के सामने से शाम करीब 6:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध अमरपाल सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।