टिहरी में भीषण बस हादसा, मृतकों की संख्या नौ पहुंची

गूलर के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस, 26 यात्री घायल
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो , उधमसिंहनगर उत्तराखंड
टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक नौ यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गूलर बाजार के समीप बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम स्थान पर गिरे यात्रियों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को एंबुलेंस से ऋषिकेश एम्स और अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच
प्रारंभिक जानकारी में सड़क के तीव्र ढलान वाले मोड़ को हादसे की संभावित वजह बताया गया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन और चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार तथा राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।