• Tue. Nov 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और किशोर की मौत

ByTen News One Desk

Nov 17, 2026
1 Views

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और किशोर की मौत


पार्किंग में खड़े वाहनों से आग फैलने की आशंका, आठ लोगों को सुरक्षित निकाला गया


टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! राजू यादव, कानपूर ब्यूरो

कानपुर। शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। दमकल कर्मियों ने इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:54 बजे अपार्टमेंट में आग लगने और लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। इसके बाद फायर स्टेशन लाटूश रोड और कर्नलगंज की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे आठ लोगों को बाहर निकाला। इनमें से चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर ने दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।

पार्किंग से सीढ़ियों तक पहुंची आग

प्रारंभिक निरीक्षण के अनुसार, करीब चार मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित पांच से छह मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगने की आशंका जताई गई है। इसके बाद आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। जांच के दौरान इमारत में पर्याप्त आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं मिलने की बात भी सामने आई।

बिल्डर और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

प्रशासन की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज कराने और जिम्मेदार बिल्डर सहित लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर शहर में अनधिकृत और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने, संयुक्त अभियान चलाने, भवनों को सील करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था वाली अनधिकृत इमारतों में संपत्ति खरीदने से बचें। भवन खरीदने से पहले उसकी वैधता और अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!