दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग शिविर की अवधि दो दिन बढ़ी

अब 18 और 19 नवंबर को भी होगा परीक्षण व पंजीकरण, जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें पात्र लाभार्थी
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स और अन्य सहायक उपकरणों के लिए दिव्यांगजनों को अब दो दिन अतिरिक्त अवसर मिलेगा। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की शाहजहांपुर शाखा और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय के सहयोग से आयोजित शिविर की अवधि बढ़ाकर 18 और 19 नवंबर कर दी गई है। पहले यह शिविर 16 और 17 नवंबर को आयोजित किया गया था।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर की अवधि बढ़ाई गई है। अब जरूरतमंद दिव्यांगजन निर्धारित तिथियों में पहुंचकर कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स और अन्य सहायक उपकरणों के लिए अपना परीक्षण और माप करा सकते हैं।
शिविर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यालय में लगाया जा रहा है। लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा।
डॉ. जौहरी ने बताया कि 16 और 17 नवंबर को आयोजित शिविर में भी विभिन्न विकासखंडों के दिव्यांगजनों ने पहुंचकर परीक्षण और पंजीकरण कराया था। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों से बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने संबंधित विभागों और अधिकारियों से भी जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का अनुरोध किया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। डॉ. जौहरी के अनुसार, रेडक्रॉस सोसाइटी पहले भी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए पात्र दिव्यांगजनों के चयन और चिन्हांकन में सहयोग कर चुकी है। भविष्य में भी विभिन्न विभागों के समन्वय से दिव्यांगजनों के हित में ऐसे सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।
