कन्नौज में 10.81 लाख मतदाताओं की आलेख्य सूची प्रकाशित

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज होंगी दावे-आपत्तियां, चार दिन विशेष अभियान
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को कर दिया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए पुनरीक्षण कार्यक्रम और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से सूची का परीक्षण कराएं, ताकि कोई पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 10,81,346 मतदाता
प्रकाशित आलेख्य सूची के अनुसार जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10,78,718 सामान्य मतदाता और 2,628 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या 10,81,346 है।![]()
विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार 196-छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र में 3,85,386 सामान्य और 1,190 सर्विस मतदाता सहित कुल 3,86,576 मतदाता हैं। 197-तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में 3,27,301 सामान्य और 920 सर्विस मतदाता सहित कुल 3,28,221 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, 198-कन्नौज (अजा) विधानसभा क्षेत्र में 3,66,031 सामान्य और 518 सर्विस मतदाता सहित कुल 3,66,549 मतदाता हैं।
लिंगवार आंकड़ों में 5,93,779 पुरुष, 4,84,908 महिला और 31 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
16 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों बीएलओ अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर फार्म लेने के लिए पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती भी की गई है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6, किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन, निवास परिवर्तन, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने और दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जा सकता है।
आम नागरिक आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन संबंधित उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय कलेक्ट्रेट तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://kannauj.nic.in/deo-portal/ पर कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में 16 दिसंबर तक जमा किए जा सकेंगे।
अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी को होगी प्रकाशित
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण कराएं। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने, अपात्र प्रविष्टि या अन्य त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रारूप पर समय से दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।
उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों और आपत्तियों की सूचियां निर्धारित प्रारूप में तैयार कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएंगी। अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(क) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील और जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के विरुद्ध धारा 24(ख) के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के समक्ष द्वितीय अपील की जा सकेगी।
दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री अभिनव कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष एवं अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।