• Wed. Nov 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

विकास कार्यों की रैंकिंग में कन्नौज प्रदेश में 63वें स्थान पर

ByTen News One Desk

Nov 18, 2026
3 Views

विकास कार्यों की रैंकिंग में कन्नौज प्रदेश में 63वें स्थान पर


मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा कर कम प्रगति वाले विभागों को सुधार के निर्देश दिए


टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

कन्नौज। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 तक दर्ज विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में कन्नौज जिला प्रदेश में 63वें स्थान पर रहा। विकास एवं राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में जिले को 8.32 अंक मिले। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में समीक्षा बैठक कर कम प्रगति वाले विभागों को सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (दर्पण) की जिला अनुश्रवण पुस्तिका में दर्ज विभागवार और योजनावार प्रगति, प्राप्तांक तथा रैंकिंग की समीक्षा की गई। अक्टूबर माह की रैंकिंग में विकास कार्यों के मामले में जिला 48वें और राजस्व कार्यों में 68वें स्थान पर रहा।

समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम-कुसुम, सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, आयुष्मान एवं स्वास्थ्य सेवाओं, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गोवंश संरक्षण और वृद्धावस्था पेंशन सहित कई योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों की सराहना की गई। इन योजनाओं में संबंधित विभागों को 10 में से 10 अंक मिले।

वहीं, कुछ योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग कमजोर मिलने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों में शून्य अंक तथा परिवार आईडी योजना में दो अंक मिलने पर नाराजगी जताते हुए प्रगति में सुधार लाने को कहा। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के पोषण अभियान, छात्रवृत्ति योजनाओं, लोक निर्माण विभाग की नई सड़कों और सीएमआईएस के तहत निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकताओं और विकास कार्यों की प्रगति का महत्वपूर्ण मूल्यांकन माध्यम है। सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और पोर्टल पर आंकड़ों की शुद्धता, समय से फीडिंग तथा प्रगति का अद्यतन विवरण सुनिश्चित करें। जिन योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, उनके लिए कार्ययोजना बनाकर तेजी से सुधार किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही, शिथिलता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे करें, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।

बैठक में पीडी डीआरडीए राम औतार सिंह, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम उजागिर कन्नौजिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!