हुलासनगरा ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई पिकअप, दो घायल

आधी रात को हुआ हादसा, हेड कांस्टेबल झम्मन सिंह ने तत्परता दिखाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी ,
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। नेशनल हाईवे पर हुलासनगरा ओवरब्रिज के पास बुधवार रात करीब 12 बजे एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी ओर के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पिकअप बरेली की ओर से आ रही थी। वाहन में ऋषभ पुत्र जमना प्रसाद निवासी ग्राम पधोली, थाना सीबीगंज, बरेली और अखिलेश पुत्र लाल सिंह निवासी ग्राम कमालपुर, थाना देवरनियां, बरेली सवार थे। बताया गया कि चालक को अचानक नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जा टकराया।
हादसे की सूचना मिलते ही हुलासनगरा चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल झम्मन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
इसके बाद पुलिसकर्मी ने हाइड्रा मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर हुलासनगरा चौकी पर खड़ा कराया। इससे हाईवे पर यातायात सुचारु कराने में मदद मिली।
घटना के बाद हेड कांस्टेबल झम्मन सिंह की तत्परता और घायलों की मदद के प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
रिपोर्ट: पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा।