टिसुआ में जनजातीय गौरव दिवस पर हुए विविध आयोजन

माय भारत ने बिरसा मुंडा की जयंती पर खेल प्रतियोगिताएं और संगोष्ठी कराई, छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! रामवीर संवाददाता ,
फरीदपुर (बरेली)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत की ओर से बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम टिसुआ स्थित ऋषि देव आदर्श विद्या निकेतन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उपनिदेशक पुष्पा सिंह के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए माय भारत के राज्य प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी अमित कुमार सिंह तोमर ने बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज में ‘धरती आबा’ के नाम से सम्मानित हैं। वह महान आदिवासी क्रांतिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक और लोकनायक थे।
उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातू गांव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन, जमींदारों और साहूकारों द्वारा आदिवासी समाज के शोषण के खिलाफ उलगुलान आंदोलन चलाया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए लोगों को संगठित करने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और नशाखोरी के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया।![]()
संगोष्ठी में अर्शी, तनीषा, भूमिका, आलिया, अदीबा, मुस्कान, सचिन और पीयूष सहित छात्र-छात्राओं ने अपने विचार रखे। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। छोटे बच्चों के लिए गुब्बारा खेल आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से उनमें आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के साथ प्रधानाचार्य ऋषि देव और उपप्रधानाचार्य रमेश गंगवार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जितेंद्र, मनोज, सुहाना, निशा, रोशनी, मुस्कान, दीपा, रघुवंश, नंदिनी, प्रगति और अमिताशं सहित शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
समापन पर प्रधानाचार्य ऋषि देव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। अमित कुमार सिंह तोमर ने बिरसा मुंडा को नमन करते हुए सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।