मॉडल गांव मेलावास की स्वच्छता और विकास कार्यों को देख अभिभूत हुए जिला कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी![]()
मेलावास को बताया पाली जिले का आदर्श मॉडल गांव, अन्य गांवों को भी इसी तर्ज पर विकसित करने का दिया संदेश
टेन न्यूज ।। 18 नवंबर 2026 ।। कालू राम खजवानिया ब्यूरो
मेलावास (पाली)। पाली जिला कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी ने सोजत रोड के निकटवर्ती गांव मेलावास का दौरा कर वहां स्वच्छता और विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान गांव की सुंदरता, साफ-सफाई और व्यवस्थित विकास कार्यों को देखकर जिला कलेक्टर अभिभूत नजर आए। उन्होंने मेलावास को पाली जिले के लिए एक आदर्श मॉडल गांव बताते हुए जिले के अन्य गांवों को भी इसी तर्ज पर विकसित करने का संदेश दिया।![]()
जिला कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी गांव मेलावास में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस अवसर पर जोधपुर एनसीबी के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी एवं ग्रामीणों ने साफा और माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने गांव में हुए विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। गांव में स्वच्छता व्यवस्था, रंग-रोगन, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और पौधारोपण सहित अन्य विकास कार्यों को देखकर उन्होंने ग्रामीणों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। मेलावास में ग्रामीणों की भागीदारी से किए गए कार्य अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।
कलेक्टर ने मेलावास को पाली जिले का आदर्श मॉडल गांव बताते हुए कहा कि जिले के अन्य गांवों को भी स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विकास के क्षेत्र में इसी तरह आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर सरपंच जीवाराम माली, एडवोकेट गोपीकिशन शर्मा, घेवर राम, घनश्याम सोनी, गोपाल कृष्ण सोनी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।