चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में होगा पेश

सदर बाजार पुलिस ने गर्रा नदी के पास से पकड़ा, 9 नवंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना पुलिस ने मारपीट और चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार दोपहर ग्राम निजामपुर गौटिया में गर्रा नदी के पास से पकड़ा। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसे और उसकी पत्नी को रास्ते में रोककर मारपीट की। इस दौरान उस पर चाकू से वार कर घायल किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 631/26 दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में बीएनएस की धारा 109(1) की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को वादी ने सूचना दी कि चाकू से हमला करने का आरोपी ग्राम निजामपुर गौटिया में घूम रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गर्रा नदी के पास से परमजीत उर्फ प्रेमचंद (23) पुत्र शेरपाल निवासी ग्राम निजामपुर गौटिया को दोपहर 12:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार और हेड कांस्टेबल विशनस्वरूप शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।