शाहजहांपुर में अब तक 14,848 लोगों ने की स्व-गणना

सीडीओ ने मीडिया ब्रीफिंग कर अधिक से अधिक परिवारों से पोर्टल पर पंजीकरण की अपील की
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर,। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविन्द कुमार ने मीडिया ब्रीफिंग की। इस दौरान सीडीओ ने मीडिया प्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक परिवारों की स्व-गणना कराकर शाहजहांपुर को प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाने का प्रयास किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य के लिए 5,750 प्रगणक, 941 पर्यवेक्षक और 21 चार्ज अधिकारी लगाए गए हैं। निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को 97 नोडल अधिकारियों के रूप में नामित किया गया है। प्रत्येक नोडल अधिकारी के अधीन 10 सुपरवाइजर और 60 प्रगणक लगाए गए हैं। एक प्रगणक को लगभग 800 की जनसंख्या की गणना की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 14,848 स्व-गणना पूरी हो चुकी हैं।![]()
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक स्वयं आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर राज्य और भाषा का चयन करने के बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापन तथा कैप्चा प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद स्थान का चयन कर परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से भरनी होगी। पोर्टल पर यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने स्व-गणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर लॉगिन कर अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य की गणना सुनिश्चित करें।
जनगणना का मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से वार रूम से अभियान की निगरानी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों की स्व-गणना कराई जा सके।