सूर्य मित्र प्रशिक्षण पूरा करने वाले 30 युवाओं को प्रमाण-पत्र वितरित

53 दिन के प्रशिक्षण में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और रखरखाव की दी गई जानकारी
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। जनपद के प्रशिक्षण केंद्र सियरमऊ में सूर्य मित्र (पीवी इंस्टॉलर) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त 30 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र, प्रशिक्षण किट और बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम में यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी राम औतार सिंह और डीसी एनआरएलएम दिनेश यादव ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र एवं प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की।
इस अवसर पर बताया गया कि सभी प्रशिक्षुओं को 53 दिन यानी 420 घंटे का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना, संचालन और रखरखाव से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में दक्ष बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।![]()
अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवा सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और रखरखाव के कार्य में अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग कर सकेंगे। इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और जनपद में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर यूपी नेडा की सहायक नैना सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।