किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश

आलू भंडारण पर 20 हजार रुपये तक सब्सिडी, बाजरा खरीद के लिए जिले में आठ केंद्र संचालित
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कृषि, उद्यान, सहकारिता, पशुपालन, विद्युत, सिंचाई, खाद्य एवं विपणन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी देते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने किसानों का स्वागत कर किया। उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं, रबी फसलों के बीजों की बुकिंग, अनुदान और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी लालमणि पाण्डेय ने बताया कि जिले में बाजरा खरीद के लिए आठ क्रय केंद्र संचालित हैं। उन्होंने किसानों से इन केंद्रों पर उपज बेचने की अपील की। साथ ही मक्का, धान और बाजरा की खरीद पर 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त मूल्य के साथ भुगतान की जानकारी दी।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता उदय शंकर ने बताया कि रबी सीजन के लिए सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार ने बताया कि आलू भंडारण पर कोल्ड स्टोरेज किराये के रूप में एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सब्सिडी दी जाएगी। इसकी अधिकतम सीमा 20 हजार रुपये है। यह राशि किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए विभागीय पोर्टल potato.uphorticulture.in पर पंजीकरण अनिवार्य है। आवेदन के साथ परिवार रजिस्टर की नकल अपलोड करनी होगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 बताई गई। उन्होंने बताया कि विभाग में आलू, प्याज, लहसुन, गेंदा और विभिन्न सब्जियों के बीज उपलब्ध हैं।![]()
मंडी सचिव रघुराज प्रताप सिंह ने बताया कि ठठिया मंडी में धर्मकांटा स्वीकृत हो गया है। बाजार में आवंटित दुकानों के संबंध में उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रीमियम जमा नहीं करने वाले आवंटियों का आवंटन नियमानुसार निरस्त किया जाएगा।
पशुपालन विभाग की ओर से नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना और मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि इन योजनाओं के लिए 1.5 एकड़ भूमि अथवा लीज पर भूमि होना आवश्यक है। योजना में 50 प्रतिशत अनुदान, 35 प्रतिशत बैंक ऋण और 15 प्रतिशत लाभार्थी अंशदान का प्रावधान है। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। पशुओं को गलाघोंटू, खुरपका और मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाने के लिए समय से टीकाकरण कराने की अपील की गई। किसानों ने डडौनी, कलुआपुर, करनौली, जगतपुर, खरगापुर और सुर्सी सहित कई गांवों में टीकाकरण कराने की मांग उठाई।
किसान अभिलाष सिंह यादव ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की समस्या रखी। इस पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बिजनौरा में बी-पैक्स प्राथमिक सहकारी समिति खोलने की मांग भी उठाई, जिस पर सहकारिता विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। ग्राम जगतपुर, विकासखंड छिबरामऊ के किसान रामलखन पाठक ने जल जीवन मिशन के तहत नल की टोंटी की आपूर्ति न होने की शिकायत की। संबंधित अवर अभियंता ने जल्द आपूर्ति सुनिश्चित कराने की बात कही।![]()
सहायक अभियंता, लघु सिंचाई ने बताया कि गहरे और मध्यम बोरिंग के लक्ष्य प्राप्त हो चुके हैं। विकासखंड सौरिख, उमर्दा, हसेरन और छिबरामऊ के किसान ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि जिले में 1,200 क्विंटल गेहूं और 108 क्विंटल जौ का बीज उपलब्ध है।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने और कृषि विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वैज्ञानिकों, किसान यूनियन के अध्यक्ष और करीब 75 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।