सघन खेत बचाओ अभियान में 519 किसानों को किया जागरूक

मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और प्राकृतिक खेती अपनाने पर दिया जोर
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज/उत्तर प्रदेश । कृषि उत्पादन बढ़ाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों को टिकाऊ एवं लाभकारी खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में ‘सघन खेत बचाओ अभियान रबी-2026’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विकासखंड कन्नौज के ग्राम चौराचांदपुर और विकासखंड जलालाबाद के ग्राम सियरमऊ में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वैज्ञानिकों सहित करीब 519 किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रमों में किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करने, हरी खाद और जैविक खाद अपनाने, प्राकृतिक एवं गो-आधारित खेती को बढ़ावा देने तथा दलहन और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, यूरिया और डीएपी के विकल्पों तथा नैनो उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग और लाभों के बारे में भी बताया गया।![]()
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मानव स्वास्थ्य, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक पात्र किसान से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी बनवाने का भी आह्वान किया।
भूमि संरक्षण अधिकारी कौशल किशोर ने भूमि संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वैज्ञानिक डॉ. अभिमन्यु सिंह और डॉ. अरविन्द कुमार ने वैज्ञानिक खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, हरी खाद एवं जैविक खाद के इस्तेमाल और उनके दीर्घकालिक लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने, मिट्टी की उर्वरता सुरक्षित रखने और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।