एटीएम से कैश नहीं निकला, खाते से कट गए 10 हजार रुपये
बैंक में शिकायत के बाद भी नहीं मिली धनराशि, उपभोक्ता परेशान
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल क्षेत्र के बाबरपुर कस्बे में एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक खाताधारक के खाते से 10 हजार रुपये कट गए, जबकि मशीन से नकदी नहीं निकली। पीड़ित ने बैंक और कस्टमर केयर में शिकायत की, लेकिन अब तक धनराशि वापस नहीं मिली है।
चांदपुर गांव निवासी रामप्रकाश का खाता इटावा स्थित एक्सिस बैंक में है। पीड़ित के अनुसार, नौ नवंबर की शाम वह बाबरपुर कस्बे में एसबीआई के एटीएम से अपने कार्ड के जरिए 10 हजार रुपये निकालने पहुंचा था। उसने मशीन से नकदी निकालने की प्रक्रिया पूरी की, लेकिन एटीएम से रुपये बाहर नहीं आए। इसी बीच उसके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये कटने का संदेश आ गया।
रामप्रकाश ने बताया कि उसने एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शिकायत निरस्त कर दी गई। इसके अलावा एसबीआई शाखा में भी शिकायत की, मगर अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। खाते से रकम कटने के बावजूद नकदी नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान है।