पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर झपकी बनी काल, कार हादसे में महिला की मौत

डिवाइडर से टकराई बेकाबू कार, चालक समेत तीन लोग घायल; शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे सभी
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! राकेश सिंह ,
सुलतानपुर। हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 84 के पास चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार 67 वर्षीय संध्या सिन्हा की मौत हो गई, जबकि चालक सुनील कुमार समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवार गाजियाबाद से बिहार के सिवान में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर क्षेत्र के पास चालक को झपकी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अयोध्या के पिठला, कुमारगंज स्थित शौ सैया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 67 वर्षीय संध्या सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। चालक सुनील कुमार समेत तीन घायलों का उपचार कराया गया।
हादसे की सूचना से मृतका के परिवार में शोक छा गया।