रेजांगला के वीर अहीर शहीदों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मांग

तालकटोरा स्टेडियम में जुटा यादव समाज, रेजांगला में अहीरधाम बनाने और शौर्यगाथा पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्रस्ताव
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! रामवीर संवाददाता , फरीदपुर बरेली
नई दिल्ली। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला के मोर्चे पर अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर अहीर सैनिकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मांग उठी। बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस समारोह में देशभर से यादव समाज के लोग जुटे। श्री कृष्णा यादव महासभा के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही रेजांगला में राष्ट्रीय शौर्य स्थल ‘अहीरधाम’ विकसित करने और वीर अहीरों की शौर्यगाथा को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की गई।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रेजांगला के वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को देश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और सेना को दुश्मन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सीमा पर होने वाली घटनाओं के दौरान सेना को जवाबी कार्रवाई के लिए अनुमति का इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब परिस्थितियों के अनुसार कार्रवाई करने की खुली छूट है।![]()
मुख्यमंत्री ने रेजांगला के शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों और दुश्मन की संख्या कई गुना अधिक होने के बावजूद इन वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। देश को उनके बलिदान पर हमेशा गर्व रहेगा।
यादव समाज का गौरवशाली इतिहास : डॉ. मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यादव समाज का इतिहास त्याग और बलिदान से भरा रहा है। आजादी के आंदोलन से लेकर स्वतंत्र भारत की सीमाओं की रक्षा तक समाज के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रेजांगला का युद्ध इसका प्रमुख उदाहरण है।
शौर्यगाथा को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
श्री कृष्णा यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने रेजांगला के शहीदों की स्मृति में राष्ट्रीय शौर्य स्थल अहीरधाम विकसित करने और उनकी वीरगाथा को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि रेजांगला की वीरगाथा देश की सैन्य विरासत और राष्ट्रीय गौरव का हिस्सा है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं हरियाणा विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, महासभा के संगठन महासचिव हेमंत यादव, राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर थान सिंह यादव, महिला विंग की अध्यक्ष निशा यादव, उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राजेश यादव, भाजपा प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव सहित हजारों गणमान्य लोग और यादव समाज के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने रेजांगला के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।