दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर टक्कर के बाद आग का गोला बने दो ट्रक, मची अफरा-तफरी![]()
ढाबे पर खड़े टैंकर में भूसा लदे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, आग की लपटें देखकर सहमे आसपास के लोग
टेन न्यूज़ ।। 20 नवम्बर 2026 ।। मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शाहजहांपुर की ओर जाने वाली लेन पर एक ढाबे के पास पहले से खड़े टैंकर में पीछे से आ रहे भूसा लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में दोनों ट्रक आग की ऊंची-ऊंची लपटों से घिर गए।![]()
हाईवे पर अचानक दो ट्रकों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहनों को दूर ही रोक दिया। आग की भयावह लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार देखकर आसपास स्थित ढाबों और आवासीय इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। अनहोनी की आशंका के चलते लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुट गई। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन पीछे से आ रहे वाहनों को घटनास्थल से पहले ही रुकवा दिया, जिससे कोई अन्य वाहन आग की चपेट में न आ सके। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दिए जाने के बावजूद खबर लिखे जाने तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंची थीं। उधर, दोनों ट्रक धू-धूकर जल रहे थे और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। हाईवे पर लगी आग और वाहनों की कतारों के चलते राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।