कौशल जी महाराज बने महामंडलेश्वर, अब कहलाएंगे कौशलानंद गिरि

मानीमऊ के आनंदेश्वर धाम में वैदिक विधि-विधान से हुआ पट्टाभिषेक, जूना अखाड़ा नंबर-1 ने सौंपी नई जिम्मेदारी
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। सनातन परंपरा के अंतर्गत जनपद के मानीमऊ स्थित ऋषिनगर गांव में आनंदेश्वर धाम के पीठाधीश्वर कौशल जी महाराज का वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ पट्टाभिषेक संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्हें जूना अखाड़ा नंबर-1 का महामंडलेश्वर घोषित किया गया। इसके बाद उनका नया आध्यात्मिक नाम श्री श्री 1008 कौशलानंद गिरि महाराज हो गया।
कार्यक्रम में जूना अखाड़ा नंबर-1 के अध्यक्ष एवं पंचदशनाम परंपरा के संत श्री श्री 1008 आदित्यानंद गिरि गोल्डन महाराज अपने पुत्र मनोजानंद गोल्डन गिरि दास महाराज और बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ आनंदेश्वर धाम पहुंचे। स्थानीय श्रद्धालुओं ने संतों का स्वागत किया। परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।![]()
पट्टाभिषेक की प्रक्रिया वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार कौशल जी महाराज को जल, दुग्ध और दधि सहित विभिन्न पवित्र द्रव्यों से स्नान कराया गया। इसके बाद पुष्पवर्षा के साथ अनुष्ठान संपन्न हुआ और उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की गई। इसी के साथ वह श्री श्री 1008 कौशलानंद गिरि महाराज के नाम से जाने जाएंगे।
सनातन धर्म की सेवा की मिली जिम्मेदारी
जूना अखाड़ा नंबर-1 के अध्यक्ष आदित्यानंद गिरि गोल्डन महाराज ने कहा कि महामंडलेश्वर की पदवी केवल सम्मान नहीं, बल्कि बड़ी आध्यात्मिक जिम्मेदारी भी है। इस दायित्व के साथ कौशलानंद गिरि महाराज को सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, समाज में एकता और सद्भाव बढ़ाने तथा लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने का कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि संन्यास परंपरा त्याग, तपस्या और समर्पण पर आधारित है। इस मार्ग पर चलने वाले संत अपना जीवन धर्म, समाज और मानव कल्याण के लिए समर्पित करते हैं।![]()
कार्यक्रम में रमेश शुक्ला, प्रभात त्रिपाठी, अरुण त्रिवेदी, धीरज तिवारी, बलराम सिंह, सोनू सिंह, विजय द्विवेदी, कुक्कू चौहान, अनूप शुक्ला, विजय शुक्ला, हरिशंकर दुबे, विशाल दुबे, अनूप त्रिवेदी, विवेक तिवारी और शशांक तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।